जनपद में अभी भी 262 परिषदीय स्कूल बिना चारदीवारी
बुलंदशहर। जनपद में अभी भी 262 परिषदीय स्कूला बिना चहारदीवारी हैं। इस वजह से शिक्षक और छात्रों को कई तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। पिछले दिनों मात्र 20 स्कूलों की चारदीवारी के लिए राशि मिली थी। जनपद में 2399 परिषदीय स्कूल हैं। विगत वर्ष शासन के आदेश पर विभाग ने जनपद में 282 परिषदीय स्कूलों को बिना चारदीवारी की सूची में शामिल किए थे। इसकी सूची विभाग की ओर से शासन को भेज दी गई थी। शासन की ओर से मात्र 20 स्कूलों की चारदीवारी और गेट के लिए 1.95 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। जबकि 262 परिषदीय स्कूल आज भी बिना चारदीवारी हैं। ऐसे में यहां पर छात्रों के साथ शिक्षकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के चलते अधिकतर स्कूलों में पिछले दिनों चोरी हो चुकी हैं। इतना ही नहीं स्कूलों की बाउंड्री न होने के कारण आवारा पशु भी स्कूल परिसर में घुस आते हैं। कुछ स्कूलों के बंद होने पर वहां खेल का मैदान बना दिया जाता है। शिक्षकों की आंख बचते ही छात्र भी स्कूल से गायब हो जाते हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार ने बताया कि पिछले दिनों 20 स्कूलों की चारदीवारी के लिए जो राशि मिली थी। उससे चारदीवारी के साथ स्कूल में गेट बनवा दिया हैं। उनकी सूची शासन और विभाग को भेजी जा चुकी है। जैसे ही शासन से चारदीवारी के लिए राशि जारी की जाएगी तो निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।