मिठाइयों में चल रहा है जहर मिलावट का खेल
ऊंचागांव । क्षेत्र में आजकल मिलावटी मिठाइयों का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। इससे विभागीय अफसर अंजान हैं और मिलावटखोर चांदी काट रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने विभाग से ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने की मांग की है।
क्षेत्र के कस्बा ऊंचागांव, अमरगढ़, दौलतपुर कलां में दर्जनों दुकानों पर मिलावटी मिठाई बिक रही है। इसमें प्रयोग किए जाने वाला खोया भी नकली होता है तो कई तरह के केमिकलों का भी प्रयोग करने की चर्चा है, जो लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रही है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई कहीं नजर नहीं आ रही। इससे विभाग की कार्य प्रणाली पर सवाल खडे़ हो रहे हैं। जैसे-जैसे तीज व रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आता जा रहा है। वैसे-वैसे ही मिठाइयों में मिलावट का खेल तेज होता जा रहा है। इतना ही नहीं क्षेत्र में नकली मावा, सोनपापड़ी मेदा से बनी नमकीन व मीठी पापड़ियां खुले में रखकर धड़ल्ले से बेची जा रही है। मिलावटी मिठाई का गोरखधंधा लंबे समय से चलता आ रहा है, लेकिन इस पर लगाम नहीं लग पा रही है। विभाग और प्रशासन ने ऐसे दुकानदारों पर कोई कार्रवाई नहीं की। क्षेत्र निवासी योगेंद्र सिंह भाटी, आप में किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह, बीरपाल सिंह भाटी और लोधी सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रवेश लोधी ने कहा कि जब दुकानदारों को लोगों की परवाह नहीं तो ऐसे में प्रशासन को लोगों का ख्याल करना चाहिए। साथ ही मिलावटखोरों के साथ सख्ती से निपटना चाहिए। प्रशासन के कार्रवाई नहीं किए जाने से मिलावटी का धंधा जोर पकड़ रहा है। नकली मिठाई खाने से हर किसी के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। त्योहार नजदीक आते ही मिलावट का धंधा जोर पकड़ने लगा है। उधर, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान शुरू हो गया है। किसी को भी त्योहारों पर मिठाई आदि खाद्य पदार्थों में मिलावट नहीं करने दिया जाएगा। मामला सामने आने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।