बीएसए साहब: एक जुलाई से स्कूल में नहीं बना मिड डे मील
बुलंदशहर/चोला। जिला बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों की स्कूलों में दी जा रही शिक्षा और व्यवस्थाओं के दावों की पोल लगातार खुलती जा रही है। अमर उजाला की टीम ने अपनी मुहिम को बुधवार को भी जारी रखते हुए चोला क्षेत्र के गांव दाऊदपुर स्थित प्राइमरी स्कूल का हाल जाना। पता चला कि यहां पर एक जुलाई से एमडीएम नहीं बन रहा है। पंजीकृत 63 में से 20 बच्चों को एक शिक्षामित्र पढ़ा रहा है। एक शिक्षिका अवकाश पर बताई गईं। स्कूल में अव्यवस्थाओं की भरमार और आसपास गंदगी मिली।
अमर उजाला की टीम जब गांव दाऊदपुर स्थित प्राथमिक स्कूल में पहुंची तो बाहर से चकाचक लगने वाले इस स्कूल की एक के बाद एक अव्यवस्थाओं को खुलने में देर नहीं लगी। शिक्षामित्र मनोज कुमार ने बताया कि स्कूल में 63 बच्चे पंजीकृत हैं। जबकि सहायक अध्यापिका और स्कूल इंचार्ज भावना आज अवकाश पर हैं। बच्चों ने पूछने पर बताया कि स्कूल में एक जुलाई से एमडीएम नहीं बना है। शिक्षामित्र एक कक्षा में बच्चों को पढ़ा रहे थे तो दूसरी कक्षा में कुछ बच्चे बिना शिक्षक ही धमाल मचाते मिले। स्कूल के शौचालयों की हालत बद से बदतर मिली। सफाई भी न जाने कब से नहीं हुई, जिसके चलते शौचालय गंदगी से अटे पडे़ हैं। बच्चों के टाट-पट्टी तक उपलब्ध नहीं है। यह अलग बात है कि स्कूल में कनेक्शन है और पंखे आदि भी हैं, लेकिन बिजली न होने के कारण चल नहीं रहे थे।
स्कूल में एमडीएम न बनने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इसका संबंधित अधिकारी से पता किया जाएगा कि ऐसा कैसे हो रहा है। साथ ही यह भी पता किया जाएगा कि स्कूल में बच्चे कम कैसे हैं और शिक्षिका किन कारणों के चलते अवकाश पर रहीं। व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए भी आदेश दिए जाएंगे।
- अंबरीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बुलंदशहर