मानदेय नहीं तो काम नहीं, चरमराई सफाई व्यवस्था
बुलंदशहर । पालिका के ठेका सफाई कर्मी मानदेय न मिलने पर बुधवार को भी हड़ताल पर रहे। साथ ही अनूपशहर अड्डे स्थित धरना स्थल पर वार्ता के लिए पहुंचे ईओ का कर्मचारियों ने घेराव कर जमकर नारेबाजी की। वहीं, कर्मचारी वर्तमान ठेकेदार पर छह और पूर्व ठेकेदार से दो माह का वेतन दिलाने की मांग पर अड़े रहे।
बता दें कि पालिका में 37 वार्डों में से 10 वार्ड की साफ-सफाई ठेके पर की जा रही है। जिसमें ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों से वार्ड 6, 9, 17, 20, 31, 32, 34, 35, 36 और 37 में साफ-सफाई करवाई जा रही है। लेकिन ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों को छह माह से मानदेय नहीं दिया जा रहा है। मानदेय न मिलने पर गत सोमवार से सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए। सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से वार्डों में गंदगी का अंबार लगना शुरू हो गया है। वहीं, ठेका कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने की जानकारी लगने पर बुधवार को पालिका ईओ कर्मचारियों से वार्ता के लिए पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों ने पालिका के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए ईओ का घेराव किया। ईओ द्वारा 15 दिन का मानदेय देने का आश्वासन दिए जाने पर कर्मचारी पूरा मानदेय दिए जाने के आश्वासन पर अड़े रहे। इस दौरान सभासद और पालिका ईओ द्वारा कर्मचारियों को समझाने का काफी प्रयास किया गया। लेकिन कर्मचारियों के मांग पर अड़े रहने पर ईओ द्वारा पालिका आकर वार्ता करने को कहा गया। इसके बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी पालिका पहुंचे और पालिका के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। मानदेय का पूर्ण आश्वासन न मिलने पर कर्मचारी हड़ताल पर अड़े रहे। पालिका ईओ डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को वेतन दिलवाए जाने का आश्वासन दिया गया है। लेकिन कर्मचारी पूरा मानदेय एक साथ लेने की मांग पर अड़े है। जल्द ही मानदेय को लेकर कोई हल निकाला जाएगा।