बीबीनगर में वृद्ध और डिबाई में युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
बुलंदशहर। बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव चित्सौना अल्लीपुर में एक वृद्ध और डिबाई में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह दोनों शराब पीने के आदी थे। आशंका है कि अत्यधिक शराब पीने के कारण दोनों की मौत हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है।
बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव चित्सौना अल्लीपुर निवासी अमर सिंह (60) के पुत्र सोनू ने तहरीर देकर बताया कि उसके पिता बीते दो-तीन दिन से घर से लापता थे। वह अक्सर इसी तरह घर से चले जाया करते थे। इसी कारण दो-तीन दिन पूर्व भी उनके घर न लौटने पर अधिक तलाश नहीं की गई। लेकिन, रविवार सुबह उनका शव गांव के निकट गन्ना तौल केंद्र के पास संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला।
वहीं, डिबाई कोतवाली क्षेत्र के गांव तुलसीगढ़ी निवासी बबलू (22) का शव शनिवार देर रात गांव के निकट ही एक नलकूप पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला। जिसकी सूचना फोन पर किसी ग्रामीण ने उन्हें दी थी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने भी जांच पड़ताल की और ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की। बताया गया कि बबलू शराब पीने का आदी था। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अभी सूचनात्मक जानकारी परिजनों की ओर से दी गई है। यदि कोई तहरीर मिलती है तो एफआईआर दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।