कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव एत्मादसराय में प्रचार के दौरान सदर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी की कार से बरामद हुए 2.22 लाख रुपये के मामले में पुलिस ने हाजी अलीम खान और उनके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रविवार देर रात काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हाजी अलीम से रुपये जब्त किए।
बता दें कि सदर विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर हाजी अलीम खान चुनाव लड़ रहे हैं। रविवार शाम वह अपने समर्थकों और अपने भाई हाजी यूनुस के साथ चुनाव प्रचार कर रहे थे। शाम करीब 5.30 बजे कोतवाली देहात पुलिस को सूचना मिली कि हाजी अलीम खान की कार में मोटी रकम रखी है। तलाशी के दौरान पुलिस को एक गाड़ी में रखे प्लास्टिक के डिब्बे से करीब 2.22 लाख रुपये मिले।
रुपये निकलते ही बसपा प्रत्याशी के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना पर एसपी सिटी मान सिंह चौहान, सीओ सिटी प्रीति सिंह कई थानों की पुलिस और अर्द्धसैनिक बल की कंपनियों को लेकर मौके पर पहुंच गए। बताते हैं कि बसपा प्रत्याशी और पुलिस के बीच काफी नोकझोंक हुई। बसपा प्रत्याशी हाजी अलीम ने पुलिस को बताया था कि यह रकम उन्हें लोगों ने चंदे के रूप में दी है।
काफी देर तक पुलिस के मांगने पर हाजी अलीम ने रुपये नहीं दिए। देर रात काफी मशक्कत के बाद हाजी अलीम ने 2.22 लाख रुपये पुलिस को सौंप दिए। देहात कोतवाल अमरेश कुमार बघेल ने बताया कि एसआई अनिरुद्ध कुमार की तहरीर पर बसपा प्रत्याशी हाजी अलीम और उनके भाई हाजी यूनुस के खिलाफ आईपीसी की धारा 171एफ के तहत एनसीआर दर्ज कर ली है।