बुलंदशहर में सोमवार को बीएसए दफ्तर का गेट बंद कर नारेबाजी करते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
गांव लड़ाना के स्कूल में फर्जी नियुक्ति को लेकर ग्रामीण और भारतीय किसान यूनियन के नेताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नियुक्ति रद्द करने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने बीएसए कार्यालय गेट बंद कर जमकर नारेबाजी की। उधर भाकियू नेताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम कार्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी है।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के प्रदेश सचिव मांगेराम त्यागी ने कहा कि मामले में जो भी अधिकारी शामिल हैं उनके खिलाफ भाकियू ने आंदोलन छेड़ दिया है। यशवीर सिंह ने कहा कि भाकियू आंदोलन तेज करेगी।
जिलाध्यक्ष कैप्टन विशन सिंह सिरोही ने कहा कि एक मई से डीएम कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। इस मौके पर विन्नू पंडित, बाबूराम, शिवदत्त शर्मा, जयभगवान शर्मा, शिव कुमार शर्मा, मनोज कुमार शर्मा और बबलू शर्मा आदि शामिल रहे।
दूसरी ओर बीएसए कार्यालय पर धरने पर डटे ग्रामीणों ने बीएसए कार्यालय का गेट बंद कर नारेबाजी की। ग्रामीण लति शर्मा, भूदेव, सुमित, सतेंद्र शर्मा और संजय गुर्जर आदि ने चेतावनी दी है कि धरना तब तक जारी रहेगा जब तक नियुक्ति रद़्द नहीं होगी।
वहीं, सहायक अध्यापक की नियुक्ति के संबंध में की गई बेसिक शिक्षा विभाग और एसडीएम स्याना की जांच में अंतर पाए जाने पर बीएसए वेदराम ने अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है। डीएम के आदेश पर हुई इसकी तीसरी जांच में बीएसए वेदराम ने दावा किया है कि नियुक्ति वैध है और उनके स्तर से किसी तरह की अनियमितताएं नहीं बरती गई हैं।