ऊचागांव क्षेत्र के नरसेना से तीर्थ स्थल मार्ग पर गांव नरेन्द्रपुर रजवाहे पुलिया की टूटी रेलिंग।
ऊंचागांव। क्षेत्र के गांव नरेंद्रपुर रजवाहे की पुलिया की रेलिंग काफी समय से टूटी हुई है। जबकि पुलिया की हालत भी जर्जर हो चुकी है। प्रतिदिन हजारों लोग मौके से गुजरते हैं। यहां हमेशा हादसे का डर बना रहता है।
पुलिया से लोग तीर्थ स्थल माण्डू, गंगा घाट, सिद्ध बाबा मंदिर, महादेव अंबकेश्वर मंदिर, अंतिका देवी मंदिर को जाते हैं। पुलिया जर्जर होने और रेलिंग भी न होने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीण सोनू लोधी, जोगिंद्र लोधी, रितिक वर्मा, नानक चंद ने कई बार लोक निर्माण के अधिकारियों को शिकायत भेजी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिया व रेलिंग को जल्द ठीक नहीं कराया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिया को ठीक कराने के लिए प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही पुलिया को ठीक करा दिया जाएगा।