अधिवक्ता ने भाजपा जिलाध्यक्ष व विधायक पर लगाया रिश्वत मांगने का आरोप
बुलंदशहर। भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व मंडल अध्यक्ष और अधिवक्ता रेखा शर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया और खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सरकारी अधिवक्ता के लिए उनका नाम भेजने के एवज में दो लाख रुपये मांगे गए।
खुर्जा निवासी रेखा शर्मा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह पर कार्यकर्ताओं के साथ उचित व्यवहार नहीं करने का भी आरोप लगाया। रेखा सिंह का कहना है कि जब रिश्वत की शिकायत की तो उन्हें महिला मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों से परेशान होकर वह अपने 30 समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता से भी इस्तीफा दे रहीं हैं।
विवादों में घिरते जा रहे जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया लगातार विवादों में घिरते जा रहे हैं। इससे पहले भी एक चिकित्सक और अनिल सिसौदिया के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर हुई बातचीत की ऑडियो वायरल हुई थी। उनका ड्राइवर भी एक कार के साथ पकड़ा गया था, जिसे लेकर विवाद हुआ था।
लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। पार्टी पदाधिकारियों के प्रति रेखा शर्मा का व्यवहार ठीक नहीं है। रुपये मांगने का उनका आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है। रेखा को पद से हटाने का निर्णय मैंने नहीं लिया है। - अनिल सिसौदिया, जिलाध्यक्ष भाजपा
रेखा शर्मा कई बार संगठन के पदाधिकारियों पर झूठा आरोप लगा चुकी हैं। वह अभद्र व्यवहार भी कर चुकी हैं। इसी कारण भाजपा की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शशि शर्मा ने रेखा को पदमुक्त कर दिया है। रेखा संगठन के पदाधिकारियों की छवि खराब करने की कोशिश कर रही हैं। मुझे रुपयों के लेनदेन की कोई जानकारी नहीं है। - मीनाक्षी सिंह, भाजपा विधायक खुर्जा
रेखा शर्मा महिला मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के पद पर तैनात थीं। उनका व्यवहार पार्टी के पदाधिकारियों के प्रति ठीक नहीं था। बार-बार व्यवहार ठीक करने के लिए कहा गया। माइक्रो डोनेशन अभियान के लिए सहयोग मांगने पर उन्होंने कहा था कि भीख मांगना मेरे बस का कार्य नहीं है। पार्टी हित में कार्य न करने पर उन्हें पद से हटाया गया है। - शशि शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष, भाजपा