संवाद न्यूज एजेंसी
डिबाई/ऊंचागांव/अहमदगढ/नरौरा/बुगरासी। जिले के आठ गांवों में ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से नाराज होकर मतदान का बहिष्कार कर दिया। दोपहर तक अधिकारी और जनप्रतिनिधि लोगों को वोट देने के लिए मनाते रहे लेकिन उगैमा, सुलैला, यावापुर और हीरापुर खुर्द के ग्रामीणों ने अधिकारियों की एक न सुनी। चारों गांवों में कुल 3543 वोटों में से मात्र 53 मतदाताओं ने ही अपने मत का प्रयोग किया।
लोकसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले ही कई गांवों के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर दिया था। कुछ गांवों में अधिकारियों ने वार्ता करते हुए लोगों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर लोगों को मना लिया था, लेकिन इसके बाद भी आठ गांवों के लोगों ने शुक्रवार सुबह बहिष्कार की घोषणा करते हुए मतदान नहीं किया। जिसके चलते जनप्रतिनिधि और अधिकारी लगातार गांवों में दौड़ लगाते रहे।
ऊंचागांव क्षेत्र के गांव मदनगढ़ के लोगों को ग्रामीणों ने समझाया और दोपहर के बाद मतदान शुरू कराया। इसके बाद कुल 489 वोटों में से 322 मतदाताओं ने वोट किया। जबकि बुगरासी क्षेत्र के गांव सुलैला में 1598 के सापेक्ष केवल 44 मतदाताओं ने ही अपना किया। इसके अलावा अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव उगैमा में 313 में से 03, गांव बोड़ा में 884 में से 270, डिबाई के गांव यावापुर में 1276 में से 05, हीरापुर में 356 में से 01, नरौरा के गांव रामपुर में 3113 में से 1395 और गांव नगला विधि में 1046 में से 348 लोगों ने ही मत का प्रयोग किया। बताया जा रहा है कि इन गांवों के ग्रामीणों की ओर से अपने-अपने गांव के जर्जर रास्ते के निर्माण की मांग पिछले दस साल से की जा रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी। तो वहीं नरौरा के गांव नगला विधि के लोगों ने नरौरा पावर प्लांट से बिजली सप्लाई की मांग को लेकर चुनाव का बहिष्कार किया था।
सालाबाद में पहले विरोध, फिर किया मतदान
छतारी। सालाबाद के माजरा ढक नगला के ग्रामीणों ने विकास के मुद्दों को लेकर मतदान का विरोध किया। सूचना पर पहुंचे भाजपा नेता कुश शर्मा के आश्वासन पर ग्रामीणों ने मतदान किया है। छतारी के गांव सालाबाद के मजरा ढक नगला बूथ संख्या 239 पर सुबह दो घंटे मतदान नहीं हुआ। विकास कार्य नहीं होने का ग्रामीणों ने मतदान का विरोध किया। ग्रामीणों का आरोप है गांव में किसी प्रकार का कोई विकास कार्य नहीं हुआ। गांव के मुख्य मार्ग तक का निर्माण नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने बताया गांव के लिए कोई भी मार्ग सही नही है। सूचना पर गांव पहुंचे भाजपा नेता कुश शर्मा ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर विकास कार्य के आश्वासन दिया है। कुश शर्मा के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने मतदान शुरू किया है। संवाद