बुलंदशहर। जिले के 67 परिषदीय स्कूलों में चहारदीवारी बनेगी। इस कार्य पर 2.68 कराेड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से इन स्कूलों की सूची संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंप दी गई है। ग्राम पंचायतें चहारदीवारी का निर्माण कराएंगी। एक स्कूल की चहारदीवारी के लिए चार लाख रुपये का बजट तय किया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि जिले में संचालित 1862 परिषदीय स्कूलों में से 67 ऐसे स्कूल हैं, जहां पर चहारदीवारी नहीं है। स्कूल में चहारदीवारी के साथ गेट भी बनाया जाएगा। इन सभी स्कूलों की सूची बनाकर ग्राम पंचायतों को सौंप दी गई है, ताकि जल्द से जल्द कार्य पूरा किया जा सके। दूसरी ओर जिला पंचायत राज अधिकारी डा. प्रीतम सिंह ने बताया कि जिन स्कूलों की चहारदीवारी बनाई जाएगी। उसकी जानकारी संबंधित पंचायत को दे दी गई है। संबंधित पंचायत इस कार्य को पंचायत निधि की राशि से पूरा करेगी। इसके लिए ग्राम प्रधानों और ग्राम सचिवों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं।