कायस्थवाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 10 बजे उन्हें सिरोधन रोड नाले में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने शव को बाहर निकलवाया। आसपास के लोगों ने मृतक की शिनाख्त नगर के मोहल्ला रामपुर शेखवाड़ा निवासी शाहिद पुत्र यूनुस के रूप में की। परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे मुजाहिद ने मृतक की शिनाख्त अपने बड़े भाई शाहिद के रूप में की।
चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक शुक्रवार से लापता था और परिजनों द्वारा इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। रविवार को परिजन गुमशुदगी दर्ज करने के लिए चौकी पहुंचे थे। जिन्हें रिपोर्ट दर्ज करने को कोतवाली भेजा गया था। परिजनों के पहुंचने के कुछ समय बाद ही शव को नाले से बरामद कर लिया गया। नाले में शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के भाई मुजाहिद ने बताया कि शाहिद अविवाहित था और मजदूरी करता था। वह उनके पड़ोस में ही अलग मकान में रहता था। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि जांच के दौरान प्रकाश में आया कि मृतक नशे का आदी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों ने इस संबंध में कोई तहरीज नहीं दी है।
आग में झुलसे दुकानदार की उपचार के दौरान मौत
पहासू के पठान टोला मोहल्ला में पांच दिन पहले दुकान में आग लगने के बाद झुलसे दुकानदार शमीम अख्तर (55) की शनिवार रात को उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं मौत के बाद घर में मातम पसर गया है। परिजनों ने आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया है। पठान टोला मोहल्ला निवासी रिजवान उमर ने बताया कि उनके भाई शमीम अख्तर की पठान टोला मोहल्ला में परचून की दुकान है और उसी के ऊपर उनका घर है। 29 अप्रैल की रात अचानक शॉर्ट-सर्किट से दुकान में आग लग गई, जिसकी लपटें ऊपर कमरे तक पहुंची तो शमीम व उनकी पत्नी बुशरा को जानकारी मिली।
पीड़ित परिवार काफी सावधानी से घर से बाहर आ गया। वहीं स्थानीय लोगों ने आग बुझाना शुरू कर दिया। इसमें दुकान का शटर बंद था, जिस कारण पानी अंदर नहीं जा रहा था। ऐसे में शमीम शटर खोलने के लिए गए तो आग की चपेट में आ गए, जिसमें वह बुरी तरह झुलस गए थे। इसके बाद परिजन आग में झुलसे हुए शमीम को लेकर पहासू सीएचसी पहुंचे, जहां से उनको अलीगढ़ मेडिकल रेफर कर दिया गया।
अलीगढ़ मेडिकल गए तो वहां से दिल्ली सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित भाई रिजवान ने बताया कि शनिवार रात को उपचार के दौरान शमीम की मौत हो गई। इस संबंध में लिखित रूप से पुलिस को अवगत करा दिया गया है।