बुलंदशहर। डेयरी पर सिंथेटिक दूध बनाने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की। टीम के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने करीब 10 लीटर सिंथेटिक दूध, दो प्रकार के केमिकल और रिफाइंड ऑयल समेत अन्य सामग्री मौके से बरामद की है। साथ ही चार नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
औरंगाबाद क्षेत्र के गांव पाली बेगपुर में संचालित डेयरी पर सिंथेटिक दूध बनाने की शिकायत मिली थी। शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम के पहुंचने के साथ ही आरोपी संदीप शर्मा मौके से फरार हो गया।
डेयरी के कमरों में टीम ने जांच की तो मौके से दो अज्ञात प्रकार के केमिकल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, मिश्रित दूध समेत अन्य प्रकार के सामान बरामद हुए। इसके अलावा मौके से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल की 10 खाली पेटी, अज्ञात केमिकल की दो खाली बोरी, 10 लीटर अज्ञात रसायन, दो बोरियों में 20 किलो अज्ञात केमिकल, 11 लीटर सोया रिफाइंड और एक केन में करीब 10 लीटर सिंथेटिक दूध बरामद किया।
मौके से केमिकल और दूध समेत चार पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। विनीत कुमार ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार, कमलेश कुमार, अमित गौतम, राम मिलन राना, मुनेंद्र सिंह राना, अनिल कौशल, बिहारी लाल शुक्ला मौजूद रहे।