बुलंदशहर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी जारी है। इस समय केंद्र बनाने पर काम किया जा रहा है। विभाग की ओर से सभी 416 विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। अब एक बार फिर सभी विद्यालयों का जिला स्तरीय कमेटी सत्यापन करेगी। इसकी रिपोर्ट भी बोर्ड को भेजी जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में केंद्र निर्धारण के लिए जिले के सभी 416 विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए थे। इसके लिए तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में सात सदस्यीय टीम का गठन किया गया था। टीम में तहसीलदार के अलावा निर्माण विभाग के सहायक अभियंता और राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य को शामिल किया गया था। टीम को 15 अक्तूबर तक विद्यालयों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, शौचालय, कक्ष, पेयजल सहित अन्य संसाधनों का सत्यापन कर कार्यालय में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। समिति ने अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपी, जिसे विभाग की ओर से बोर्ड को भेजी जा चुकी है। अब बोर्ड ने एक बार फिर से जिला स्तरीय कमेटी से विद्यालयों का भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए जिला स्तर पर कमेटी में जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह सभी अधिकारी सातों तहसीलों पर कुल विद्यालयों की संख्या के सापेक्ष 10 फीसदी विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करेंगे। इसकी रिपोर्ट मिलने पर उसे बोर्ड को भेज दिया जाएगा। उन्होंने संभावना जताई कि जल्द ही बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर दिया जाएगा। इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के करीब 97 हजार छात्र-छात्रा शामिल होंगे। इनमें संस्थागत और व्यक्ति परीक्षा के विद्यार्थी शामिल हैं।