बोर्ड परीक्षा: सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखे जाएंगे प्रश्नपत्र
बुलंदशहर। बोर्ड परीक्षा का समय नजदीक है। माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड परीक्षा को लेकर काफी गंभीर है। परीक्षा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसे देखते हुए परीक्षा पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों और प्रधानाचार्यों को प्रश्नपत्रों को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में डबल लॉक में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता के लिए केंद्र व्यवस्थापक को तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।
जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद के कुल 408 विद्यालय हैं। इन कॉलेजों के छात्र चालू सत्र के बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 110 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में हाईस्कूल और इंटर के कुल 80 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिका, प्रश्नपत्र और गोपनीय सामग्री परीक्षा केंद्रों पर डबल लॉक में रखे जाएंगे। एक चाबी केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी और दूसरी चाभी सह केंद्र प्रभारी के पास या फिर परीक्षा प्रभारी के पास रखने की व्यवस्था की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा के दौरान पूरी गोपनीयता बरती जाएगी। परीक्षा केंद्रों निर्धारण हो चुका है। सुरक्षा की दृष्टि से उत्तर पुस्तिका और प्रश्नपत्र सीसीटीवी कैमरे की निगरानी और डबल लॉक में रखने की व्यवस्था की जाएगी। कक्ष निरीक्षकों को परिचय पत्र जारी किया जाएगा। परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। - शिव कुमार ओझा, जिला विद्यालय निरीक्षक।