खुर्जा। वायरल व अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए जटिया अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की खून जांच आवश्यक कर दी गई है। मरीज को भर्ती होने से पहले या उस दौरान जांच अवश्य करानी होगी। ताकि मरीज को सही उपचार मिल सके और बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
खुर्जा के जटिया अस्पताल में सोमवार को लगभग 800 मरीजों की ओपीडी हुई थी। इसके बाद लगातार बारिश होने के कारण मरीजों की संख्या कम हो रही है। मगर अस्पताल में आने वाले मरीजों में बुखार की ओपीडी का औसत बढ़ रहा है। ऐसे में बुखार से ग्रस्त गंभीर मरीज की सभी जांच की जा रही है और उनको भर्ती किया जा रहा है।
सीएमएस डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि सभी चिकित्सकों को ओपीडी में आने वाले गंभीर मरीजों की खून की जांच और अन्य संक्रामक बीमारियों की कराने के निर्देश दिए हैं। यदि मरीज की जांच सामान्य और उसका बुखार कम हो तो उसको दवाई व परामर्श दिया जा सकता है। यदि जांच में किसी बीमारी की पुष्टि होती है तो उसको जल्द भर्ती किया जाए। कुछ मरीज बिना जांच के भर्ती होने की मांग करते हैं, उस पर नियंत्रण रखा जाए।