भाजपा से निष्कासित दयाशंकर सिंह की पत्नी और बेटी पर अभद्र भाषा प्रयोग करने के मामले में बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ भाजपा नेताओं के साथ महिलाएं भी मैदान में उतर गईं। बृहस्पतिवार को स्लोगन और पट्टी लेकर जुलूस निकाला।
भाजपाइयों ने नसीमुद्दीन का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया। बृहस्पतिवार को मठ मंदिर के पास भाजपा नेताओं के साथ काफी संख्या में महिलाएं भी एकत्रित हुई। इसके बाद बेटी सम्मान में, भाजपा मैदान में आदि स्लोगन पट्टियों और नसीमुद्दीन सिद्दीकी के पुतले को लेकर जुलूस पूरे कस्बे में निकाला गया।
अलीगढ़ अड्डे के पास पहुंचकर भाजपाइयों ने नसीमुद्दीन का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने कहा कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ पास्को एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। जब तक कोई कार्रवाई नहीं होती तबतक आंदोलन जारी रहेगा। पूनम, रेनू, साधना, विमलेश, गुड्डी, अनीता, रविन्द्र राजौरा, राजीव राघव,भूपेन्द्र गौड़, पदम सिंह, मलखान सिंह, वीरेन्द्र आदि भाजपा नेता मौजूद रहे।