दानपुर में शनिवार रात बाइक सवार एक शराबी युवक एंबुलेंस चालक से उलझ गया और उसकी पिटाई कर दी। इससे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने में देर होने पर प्रसूता ने एंबुलेंस में ही एक बच्ची को जन्म दे दिया।
नवजात बच्चीं की कुछ देर में ही मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने हंगामा कर दिया। हंगामें की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन आरोपी युवक मौके से भाग गया। चालक ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
दानपुर निवासी राधेश्याम के पुत्र रमेश की पत्नी की शनिवार देर रात डिलीवरी होनी थी। 102 एंबुलेंस प्रसूता को लेकर पीएचसी दानपुर जा रही थी। इसी दौरान गांव निवासी एक बाइक सवार शराबी युवक चालक वेद प्रकाश से उलझ गया और मारपीट की।
अस्पताल पहुंचने में देर होने पर महिला ने गंभीर हालात में एंबुलेंस में ही एक बच्ची की जन्म दे दिया। मगर कुछ देर बाद ही नवजात की एंबुलेंस में ही मौत हो गई। नवजात की मौत से परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पीएचसी चिकित्सक एस के सिंह ने बताया कि एंबुलेंस चालक ने आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।