संवाद न्यूज एजेंसी
पहासू। खुर्जा रोड पर पलड़ा झाल नहर के पुराने पुल के बीचो-बीच गड्ढे में बाइक समेत युवक नहर में गिर गया। इसमें स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। वहीं परिजन मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने पुलिस को जानकारी दी।
सलेमपुर गांव निवासी शानू ने बताया कि उसका भतीजा साजिद (18) पुत्र साबिर शनिवार शाम को खुर्जा की ओर से बाइक पर सवार होकर अपने गांव आ रहा था। जब वह पलड़ा झाल के पास पहुंचा तो वह पुराना पुल पार करके आ रहा था। तभी उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और पुल के बीचो-बीच गड्ढे में वह बाइक समेत गिर गया।
आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो काफी संख्या में लोग जमा हो गए। कुछ लोगों ने हिम्मत करके बहते पानी में कूदकर युवक को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास के तैराक लोगों को बुलाकर तलाश किया, लेकिन युवक और बाइक का कोई पता नहीं चल सका।
पहासू थाना प्रभारी चंद्रवीर चौहान का कहना है कि युवक की तलाश की जा रही है। परिजनों को भी अवगत करा दिया गया था। दरअसल यह पुल काफी पुराना है, जिसको बंद करा दिया गया था। लेकिन लोगों ने मिट्टी डालकर पर इस पर रास्ता बना लिया है। ऐसे में रात के समय गड्ढा दिखाई नहीं दिया, जिस कारण हादसा हो गया।