देहात थाना क्षेत्र में हाईवे पर मामन खुर्द गांव के पास देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो महिला समेत तीन लोगों को रौंद दिया। मौके पर तीनों की मौत हो गई। वे अलीगढ़ में गमी में शामिल होकर लौट रहे थे।
बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव शायरा निवासी सब्बीर (50) पुत्र वसीर, हसीना (32) पत्नी शहीद, शरीफन (45) पत्नी बाबू शुक्रवार को अलीगढ़ गमी में शामिल होने बाइक से गए थे। देर रात करीब डेढ़ बजे वह अलीगढ़ से वापस होकर अपने घर बाइक से जा रहे थे।
हाइवे पर खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव मामन खुर्द के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीनों लोगों को कुचल दिया। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। उधर से वाहनों में गुजर रहे राहगीरों ने देखा तो घटनास्थल पर पहुंच गए।
मौके पर भीड़ जमा हो गई। वहीं वाहनों का तांता लग गया। सूचना पर पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर भेज दिया। उधर मृतकों के परिजनों को जब जानकारी मिली तो कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।