बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में गांव पौंडरी के पास नई मंडी परिसर में लगी चुनाव ड्यूटी से लौट रहे बाइक सवार को कार ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की हायर मेडिकल सेंटर में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, अभी कार चालक को पकड़ा नहीं जा सका है।
कोतवाली देहात में गांव पौंडरी पोस्ट सहकारी नगर निवासी मनीष कुमार ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि उनके पिता कालूराम चुनाव ड्यूटी से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग पर रजवाहे के पास गांव पौंडरी के रास्ते के सामने एक व्यक्ति ने अपनी गाड़ी को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनके पिता कालूराम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया। बाद में घर पर तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंडी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। देहात कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपी चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।