गुलावठी पुलिस की गिरफ्त में भंवर सिंह की हत्या का आरोपी मुजाहिद।
गुलावठी। मोहल्ला रामनगर निवासी भंवर सिंह सैनी की हत्या लूट का विरोध करने पर की गई थी। हत्या के आरोपी मुजाहिद उर्फ लंगड़ा ने दो सौ रुपये लूटने के लिए भंवर सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर शव को रूई धुनने की टाल में फेंक दिया था। आरोपी शादी समारोह में बरात में खुशी से उड़ाए जाने वाले सिक्कों और नोट बटोरने के लिए आया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वारदात का राजफाश कर दिया है।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मोहल्ला रामनगर निकट स्टेट बैंक निवासी संदीप सैनी ने गुलावठी थाने में अज्ञात हत्यारे के खिलाफ अपने पिता भंवर सिंह सैनी (60) की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि भंवर सिंह 25 फरवरी की शाम धौलाना मार्ग स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह में भाग लेने के लिए गए थे लेकिन वह घर नहीं आए। उनका शव 26 फरवरी की सुबह मैरिज होम के सामने रूई धुनने वाली मशीन के टाल के कमरे में मिला था।
पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की तो इस दौरान मुजाहिद उर्फ लंगड़ा निवासी मोहल्ला रामनगर ईदगाह का नाम प्रकाश में आया। सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को उसे मोहल्ला ईदगार से गिरफ्तार कर लिया। मुजाहिद के पास से मृतक भंवर सिंह से लूटे गए 200 रुपये भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने मृतक का मोबाइल अपने एक परिचित को दे दिया था। सीओ ने बताया कि मुजाहिद उर्फ लंगड़ा बरात में पैसे बटोरने आया था।
उसने वहां पास की एक दुकान के सामने एकांत में मृतक को अत्यधिक शराब के नशे में लेटे हुए देखा। लूटने के इरादे से वह भंवर सिंह के पास पहुंचा। विवाद होने पर आरोपी ने भंवर सिंह को रूई धुनने की मशीन की टाल पर ले जाकर मारपीट कर हत्या कर दी और मुजाहिद मृतक के 200 रुपये लेकर वहां से भाग गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।