बुलंदशहर। सड़क हादसे में घायल युवक की शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक को देहात कोतवाली क्षेत्र में गांव मिर्जापुर के निकट 26 फरवरी की देर रात बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। उनका दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था।
कोतवाली देहात में मोहल्ला साठा मयूर विहार निवासी बबलू कुमार ने रविवार को तहरीर दी। बताया कि 26 फरवरी की रात उनके पुत्र अनिकेत बुलंदशहर-शिकारपुर मार्ग पर गांव मिर्जापुर के पास शांति फार्म हाऊस में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात को वहां से बाइक से ही घर लौट रहे थे। रात करीब 12.30 बजे शांति फार्म होटल के आगे गांव मिर्जापुर के समीप उनके पुत्र की बाइक में शिकारपुर की तरफ से आए एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
हादसे में अनिकेत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों की मदद से पुलिस ने उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया, वहां से चिकित्सकों ने हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया था। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि देहात पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।