शहर के कालाआम और कचहरी रोड पर बन रहे नाले के चलते लोगों को अभी पांच दिन तक जाम का झाम झेलना पड़ेगा। इस मार्ग पर डायर्वजन जैसे हालात बने रहेंगे। भूड़ चौराहा और कालाआम के बीच भारी वाहन भी फिलहाल नहीं चलेंगे।
बता दें कि नगर पालिका परिषद की ओर से कालाआम और कचहरी रोड पर नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। कालाआम से भूड़ को जाने वाले मार्ग पर पाइप लाइन लीक होने के कारण उसे रोक दिया गया है। नाला निर्माण और पाइप लाइन की मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे के चलते भूड़ चौराहे से कालाआम जाने वाले मार्ग को वन-वे किया गया है।
कचहरी रोड पर निर्माण सामग्री रखी है। इसके चलते जाम की स्थिति बनी हुई है। हालांकि यातायात को सुचारु करने के लिए कलक्ट्रेट गेट से भारी वाहनों को चांदपुर रोड और भूड़ से यमुनापुरम के रास्ते निकाला जा रहा है। बावजूद इसके कचहरी रोड, भूड़ रोड, डीएम रोड, काली नदी रोड और अस्पताल रोड पर पूरा दिन जाम लग रहा है।
बुधवार को भी पूरा दिन जाम लगने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, अफसरों का कहना है कि अभी नाला निर्माण में करीब पांच दिन लगेंगे। ट्रैफिक इंचार्ज कुलवीर सिंह राणा के अनुसार जनता को जाम से राहत दिलवाने के प्रयास जारी हैं। जब तक नाले का निर्माण नहीं हो जाता तब तक समस्या बनी रहेगी।
हाईवे पर जाम से मंगल बाजार हो जाता है ठप
हाईवे किनारे मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगाया जाता है। हजारों लोगों की भीड़ खरीदारी को पहुंचती है। भीड़ के कारण हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों की लंबी लाइन से दिन में कई बार जाम लगता है। पैंठ चौराहे व महादेव चौराहे पर जाम के कारण बाजार में भी जाम लग जाता है।
लोगों को आशंका है कि मंगल बाजार में निकासी द्वार एक होने से कभी भी भगदड़ मचने या आगजनी होने से हादसा हो सकता है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सहित दर्जनों व्यापारी एसडीएम व उच्चाधिकारियों से मिलकर बाजार को बंद कराने की मांग कर चुके है। लेकिन पुलिस व प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा।