बुलंदशहर। प्राधिकरण क्षेत्र में सांठगांठ होने से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए होटल का निर्माण हो गया। जिसकी शिकायत होने पर अफसरों को जानकारी हुई और सोमवार को प्राधिकरण के सचल प्रवर्तन दल ने शिकारपुर रोड पर बने मन्नत होटल को सील कर दिया।
प्राधिकरण क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए खेती की जमीन पर अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्य किए जाते रहते हैं। समय-समय पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराएं निर्माण को ध्वस्तीकरण एवं सिलिंग की प्राधिकरण का सचल प्रवर्तन दल कार्रवाई करता रहता है। सोमवार को प्राधिकरण क्षेत्र के जोन-दो में शिकारपुर रोड स्थित चीलघर तिराहे के पास मन्नत होटल का प्राधिकरण के सचल प्रवर्तन दल ने पुलिस बल के साथ निरीक्षण कर सील करने की कार्रवाई की। प्राधिकरण सचिव ज्योत्सना यादव ने बताया कि मन्नत होटल बिना मानचित्र स्वीकृत के निर्माण कराए जाने पर प्राधिकरण उपाध्यक्ष के निर्देश पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। बताया कि क्षेत्र में सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कोई भी भवन स्वामी बिना मानचित्र स्वीकृत के निर्माण न कराएं और न ही अनधिकृत कालोनी में प्लॉट खरीदे। सीलिंग की कार्रवाई के दौरान नामित पुलिस बल, जिला प्रशासन एवं बुलंदशहर विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता/अवर अभियंता और अन्य सहायक स्टाफ मौजूद रहा।