स्याना। दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग ने 13 नवंबर को बच्ची को जन्म दिया है। जिला महिला अस्पताल में उसका सीजेरियन प्रसव कराया गया है। जच्चा-बच्चा दोनों को चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है।
क्षेत्र के एक गांव स्थित सत्संग भवन के सेवादार पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप है। सेवादार गांव की दो नाबालिग किशोरियों को कभी साइकिल चलवाने के बहाने कभी बिस्किट देने के बहाने आश्रम में बुलाता था। इसके बाद नशीला पदार्थ देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था।
एक बच्ची के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा हुआ था। परिजनों ने बताया कि नन्ही जन्मी बच्ची का भविष्य क्या होगा यह सोचकर ही वह परेशान हैं। उनकी मासूम बेटी का तो जीवन ही बर्बाद हो गया है।
सीएमओ डाॅ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय कमेटी की रिपोर्ट के बाद किशोरी को लखनऊ पीजीआई भेजा गया था। जांच में किशोरी 28 सप्ताह की गर्भवती मिली। इसके बाद 10 नवंबर को किशोरी वापस जिला महिला अस्पताल लाई गई। 13 नवंबर को किशोरी ने ऑपरेशन से नवजात को जन्म दिया है।
केयरटेकर ने लगाया जाली तोड़ने का आरोप
आश्रम के केयरटेकर ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात लोगों पर आश्रम की जाली तोड़ने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।