बुलंदशहर। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक डीएवी फ्लाईओवर के नीचे स्थित पीएनबी एटीएम में सेंधमारी का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात बदमाश एटीएम बूथ में घुस गया और मशीन में तोड़फोड़ कर चोरी करने का प्रयास किया। मशीन में लगे सुरक्षा लॉक्स के कारण बदमाश रुपये चुराने में सफल नहीं हो सके। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पीएनबी के वरिष्ठ प्रबंधक कमल कटारिया ने नगर कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उनकी बैंक शाखा का एटीएम डीएवी फ्लाईओवर के नीचे लगा हुआ है। 9 अक्टूबर की रात को अज्ञात बदमाश एटीएम में घुस आया और मशीन को तोड़कर रुपये चुराने की कोशिश करने लगा। मशीन में कई लॉक्स लगे थे, इसलिए आरोपी कैश बॉक्स तक नहीं पहुंच सका। सबसे हैरानी की बात यह है कि जहां यह घटना हुई है, वहां से नजदीक ही बस स्टैंड पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है।
घटनास्थल के आसपास कई प्रमुख लोगों के आवास भी हैं। इसके बावजूद बदमाश ने निडर होकर वारदात को अंजाम दिया। सहायक पुलिस अधीक्षक ऋजुल कुमार ने बताया कि बैंक प्रबंधक की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की शिनाख्त आशीष निवासी बनवारीपुर थाना सलेमपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।