नगर के अंसारी रोड बाजार में करवाचौथ के लिए चूडियां खरीदती महिलाएं। संवाद
बुलंदशहर। पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों का करवाचौथ व्रत शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसके पूजन का शुभ मुहूर्त सूर्योदय से लेकर शाम 7:38 बजे तक रहेगा। चंद्रोदय शाम 08:17 बजे होगा। करवाचौथ का व्रत मनाने के लिए सुहागिन महिलाओं ने तैयारी पूरी कर ली है।
पंडित कैलाश शर्मा और राज शर्मा ने बताया कि पंचांग के अनुसार करवाचौथ का व्रत शुक्रवार को रखा जाएगा। करवाचौथ व्रत का आरंभ सूर्योदय से पहले सरगी खाने से होता है। पूजा शाम 05:57 से 07:11 बजे तक की जा सकेगी।
इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और सौभाग्य की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। सास बहू के लिए सरगी तैयार करती हैं। रात को चंद्रोदय के बाद महिलाएं करवे से चांद को जल अर्पित करने के बाद पति के हाथ से पानी पीकर व्रत खोलती हैं।