खुर्जा। बिंदावाला चौक स्थित जैन मंदिर में समिति के पदाधिकारियों ने 400 ग्राम सोने वर्क चोरी करते हुए कारीगर को पकड़ लिया। आरोपी कारीगर को पुलिस को सौंपकर मुकदमा दर्ज कराया। वहीं, पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
मोहल्ला पीरजादगान निवासी गोपाल जैन ने बताया कि वह बिंदा वाला चौक पर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। मंदिर में पिछले चार सालों से जीर्णोद्धार व पेंटिंग का कार्य चल रहा है। इसमें सोने के वर्क का इस्तेमाल भी हो रहा है। ऐसे में राजस्थान के जयपुर स्थित बड़ मोहल्ला निवासी महेंद्र कुमार पेंटिंग का कार्य कर रहा है। शुक्रवार शाम वह मंदिर पहुंचे और कार्य का निरीक्षण करने लगे।
सोने का वर्क कम होने पर उन्होंने उसके बारे में पूछा, तो वह संतुष्ट जबाव नहीं दे पाया। इसके बाद उनको शक हुआ तो उन्होंने महेंद्र के कमरे की तलाशी ली। वहां पर लगभग 200 ग्राम सोने का वर्क उसके कमरे से बरामद हुआ। जानकारी होने पर समिति के और भी सदस्य मौके पर आ गए। आरोपी ने स्वीकार किया कि पिछले साल उसने 200 ग्राम सोने का वर्क अपनी पत्नी और भाई की मदद से चुराया था, जो उसके मोबाइल की चैटिंग में मिला। आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया।
सीओ खुर्जा पूर्णिमा सिंह ने बताया कि गोपाल जैन की तहरीर पर आरोपी महेंद्र, उसकी पत्नी और भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महेंद्र को जेल भेज दिया गया है। उसकी पत्नी और भाई की तलाश की जा रही है।