बुलंदशहर। हाईस्कूल की परीक्षा के मेधावी छात्रों के लिए विद्याधन छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसके तहत चयनित लाभार्थी को 10 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए 80 प्रतिशत या इससे अधिक अंक लाने वाले 10वीं पास छात्र 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। छात्रों को www.vidhyadhan.org वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद और सीबीएसई के विद्यार्थी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। 2024 यूपी बोर्ड के छात्र 80 प्रतिशत या इससे अधिक अंक होने पर ही पात्र होंगे, जबकि सीबीएसई के छात्रों के आठ सीजीपीए व दिव्यांग छात्रों के लिए 65 प्रतिशत अंक साथ 6.5 सीजीपीए होना अनिवार्य है। दो लाख वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चों को ही योजना में शामिल किया जाएगा। योजना के लिए यदि छात्र बेहतर प्रदर्शन करता है तो उसे इंटर की शिक्षा के दौरान भी 10 हजार रुपये मिलेंगे। यदि छात्र का प्रदर्शन ठीक रहा तो योजना के तहत आगे भी उसे डिग्री कोर्स के लिए 15 से 75 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। संवाद