बुलंदशहर। भू-माफिया सुधीर गोयल की मुश्किलें अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जिला कारागार में बंद सुधीर के खिलाफ एक और मुकदमा देहात कोतवाली में दर्ज हुआ है। आरोप है कि सुधीर व उसके साथियों ने राधिका एंक्लेव स्थित एक महिला के 100-100 गज के तीन प्लॉट अन्य लोगों को बेच दिए। उन खरीदारों ने उक्त बैनामे के आधार पर वहां बिजली कनेक्शन भी ले लिए हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित हरि एंकलेव कॉलोनी निवासी पीड़ित महिला अनु अग्रवाल ने एसएसपी के आदेश पर कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया है कि 18 जुलाई 2023 को उनके द्वारा राधिका एंकलेव में 100-100 गज के तीन प्लॉट खरीदे थे। उक्त प्लॉटों का बैनामा उसी दौरान कराया गया और उसे प्लॉटों पर कब्जा भी दिला दिया गया था। उसके द्वारा अपने प्लॉटों की बाउंड्री कर उस पर गेट लगा दिया गया था। आरोप है कि 13 फरवरी 2024 को उसे सूचना मिली कि उसके प्लॉट पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं। इस पर वह अपने पति के साथ मौके पर पहुंची। वहां जाकर उसने देखा कि उसके प्लॉट पर विद्युत मीटर लगा हुआ था। वहां उपस्थित लोगों ने पूछने पर बताया कि उनके द्वारा कॉलोनाइजर सुधीर कुमार गोयल से पॉवर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर उक्त प्लॉटों को खरीदा है। पीड़िता के अनुसार उक्त तीनों प्लॉटों का बैनामा उसको किया गया था, इसमें दिए गए शपथ पत्र में स्पष्ट कहा गया था कि संबंधित जगह की कभी कोई पॉवर ऑफ अटॉर्नी नहीं की गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी सुधीर गोयल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर उक्त प्लॉटों के बैनामे कर दिए हैं। इसके बाद उक्त प्लॉटों पर विद्युत कनेक्शन भी जारी करा लिए गए हैं। देहात पुलिस ने मामले में आरोपी सुधीर कुमार गोयल एवं अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शिकायती पत्र मिला था, इसकी जांच कराई गई। सही मिलने पर तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई। साथ ही मामले में देहात पुलिस को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। - श्लोक कुमार, एसएसपी बुलंदशहर