बेटा बोला- कहासुनी के बाद पिता ने मां को मार डाला
चोला। गांव खानपुर में निवासी गजेंद्र ने ही कहासुनी के बाद पत्नी अनीता की हत्या की थी। सोमवार को घर में ही अनीता का शव लहूलुहान मिला था। मृतका के पुत्र सोनू ने आरोपी पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
सोनू ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि शनिवार को उसकी मां अनीता (42) पिता गजेंद्र में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर पिता ने मां की हत्या कर दी। लोगों की सूचना पर जब वह घर पहुंचा तो मां का शव लहूलुहान हालत में घर में पड़ा था। मौके पर गांव के लोगों की भीड़ एवं पुलिस मौजूद थी। सोनू की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता गजेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले से ही हत्या का था इरादा
ग्रामीणों का कहना है कि गजेंद्र ने किसी प्रकार के आवेश में आकर अनीता की हत्या नहीं की। बल्कि उसने हत्या की पहले ही योजना बना ली थी। पुलिस से बचने के लिए गजेंद्र अपना मोबाइल भी घर पर छोड़ गया है, ताकि सर्विलांस के जरिए पुलिस उस तक न पहुंच जाए। उसने पत्नी की हत्या करने की योजना पहले ही बना ली थी।
ये था मामला
सोमवार की दोपहर ग्रामीणों ने गजेंद्र के घर से खून बहता हुआ देखा था। घर के बाहर की कुंडी लगी हुई थी। खिड़की से झांकर देखने पर अनीता कमरे में फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ी थी। अनीता के सिर, गर्दन के निचले भाग पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। उसकी मौत हो चुकी थी।