विकास भवन में अपने दस्तावेजों की जांच कराती आंगनबाड़ी बनने के लिए आवेदन करने वाली महिलाएं। संव
जिले में आंगनबाड़ी भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को विकास भवन में आवेदन करने वाली महिलाओं के प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया गया। पहले दिन आठ ब्लॉकों से आवेदन करने वालीं महिलाएं शामिल हुईं। शनिवार को आठ और ब्लॉक से आवेदन करने वालीं महिलाओं को प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए बुलाया गया है।
बाल एवं पुष्टाहार विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति त्रिपाठी ने बताया कि डीएम श्रुति के आदेश पर टीमें बनाकर विभाग ने प्रक्रिया शुरू कराई है। पोस्ट ग्रेजुएट और एमएड तक की पढ़ाई करने वाली महिलाओं ने आवेदन किया है। जिले के 16 ब्लॉकों में आंगनबाड़ी के रिक्त चल रहे 410 पदों पर सात हजार से अधिक आवेदन आए हैं। अब आवेदन करने वाली महिलाओं के सभी प्रमाण पत्र एवं दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
बताया कि पहले दिन ब्लाॅक खुर्जा, बीबीनगर, बुलंदशहर, शिकारपुर, सिकंदराबाद, डिबाई व पहासू ब्लॉक से आवेदन करने वाली महिलाओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। शनिवार को आठ और ब्लॉकों से आवेदन करने वालीं महिलाओं के प्रमाणपत्रों का सत्यापन पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही चयन समिति के आदेश पर मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी। बताया कि जल्द से जल्द आंगनबाड़ी के रिक्त पदों पर होने वाली भर्ती की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।