बुगरासी क्षेत्र में घर के जीने में पड़े ओले। संवाद
बुलंदशहर/बीबीनगर/स्याना। बीबीनगर और स्याना क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात तेज बारिश के साथ ओले पड़े। इससे गेहूं, सरसों व मटर की फसल को नुकसान हुआ है। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक आगामी कई दिन तक बादल छाने और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जता रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी ने शुक्रवार को फसलों के नुकसान का जायजा लिया।
शुक्रवार को भी पूरे दिन हल्के बादल छाए रहे। ओलावृष्टि से बीबीनगर और स्याना क्षेत्र में गेहूं, सरसों व मटर की फसल को नुकसान हुआ है। किसान चरण सिंह और सुखबीर ने बताया कि करीब 10 मिनट तक ओले पड़े और इससे फसल गिर गई। इस समय गेहूं में बाली निकल रही है। सरसों की फसल में फली बन गई है और मटर की फसल पहले से ही गर्मी से प्रभावित है। अब ओलावृष्टि से मटर में गलन की समस्या बन गई है। वहीं, आलू की फसल की खुदाई का काम रुक गया है।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई। अधिकतम तापमान 24.1 और न्यूनतम 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 47 और हवा की गति 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 23.6 और न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस सेल्सियस दर्ज किया गया था।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. विवेकराज ने बताया कि आगामी कई दिन तक बादल छाने और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो सभी फसलों को नुकसान हो सकता है। इस समय इस तरह का मौसम फसलों के लिए फायदेमंद साबित नहीं होगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
क्षेत्र में निरीक्षण किया था। फिलहाल फसलों को अधिक नुकसान नहीं है। यदि और बारिश या फिर ओलावृष्टि होती है तो नुकसान हाेने की आशंका है।
- रामकुमार, जिला कृषि अधिकारी