कालाआम चौराहे पर सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण कार्य के चलते फिर पूरे शहर की रफ्तार थम गई। ट्रैफिक पुलिस के तमाम इंतजाम ध्वस्त हो गए। घंटों लगे जाम से आम से खास सब परेशान रहे। शहर के मुख्य चौराहे के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
नगर के मुख्य कालाआम चौराहे के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण के कारण मंगलवार दोपहर करीब 11 बजे भीषण जाम लग गया। करीब तीन घंटे तक चौराहे पर जाम लगा रहा। मुख्य चौराहे पर जाम के कारण कालाआम से जुड़े पांचों मुख्य मार्ग जिला अस्पताल रोड, मोतीबाग रोड, भूड़ रोड, डीएम रोड, कचहरी रोड पर भी लोग घंटों हलाकान रहे। जाम खुलवाने में लगी ट्रैफिक पुलिस और नगर कोतवाली पुलिस के भी पसीने छूट गए। जाम को लेकर ट्रैफिक पुलिस की तमाम व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गई।
बता दें कि नगर क्षेत्र में जाम एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। राहगीरों को अपना काफी समय जाम में बर्बाद हो रहा है। ट्रैफिक पुलिस प्रभारी कुलवीर राणा का कहना है कि कालाआम चौराहे के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण कार्य के कारण जाम लग जाता है। इसके अलावा चौराहे पर नाला निर्माण का काम भी चल रहा है। जाम पर काबू पाने के लिए प्रभावी योजना बनाई जा रही है।