खानपुर। बुलंदशहर रोड स्थित एक अवैध ओयो होटल में देह व्यापार संचालित करने के आरोप में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने रविवार देर रात जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने होटल के एक कमरे से युवक और युवती को बरामद कर युवक को हिरासत में लिया, जबकि युवती को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया।
बजरंग दल के जिला संयोजक विपिन चिकारा ने बताया कि संगठन को लंबे समय से होटल में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। रविवार रात दो लोगों के अवैध रूप से ठहरने की सूचना पर कार्यकर्ता होटल पहुंचे और पुलिस को बुला लिया। तलाशी में एक कमरे से युवक-युवती मिले। पूछताछ में युवती बिहार के पूर्वी चंपारण की निवासी निकली, जबकि युवक भी बिहार का है। वह अपनी पहचान छिपाकर पिछले चार दिनों से होटल में ठहरा था।
विपिन चिकारा ने पुलिस को तहरीर देकर होटल संचालक पर बाहरी राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराने और युवक पर हिंदू युवतियों को बहला-फुसलाकर लाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सीओ रामकरण सिंह ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
छह माह पहले भी सील हो चुका होटल
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 6 माह पहले भी इसी होटल में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई कर इसे सील कर दिया था। इसके बावजूद दोबारा संचालन और फिर आरोप सामने आने से लोगों में नाराजगी है। लोगों ने होटल को अनुमति देने और स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत की भी जांच की मांग की है।