गाजियाबाद। काजीपुरा क्षेत्र में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी कर 86 लाख रुपये की धनराशि लेकर रजिस्ट्री न करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो चेक 11-11 लाख रुपये के दिए थे। जिसे आरोपी ने 1.11 करोड़ रुपये कर बैंक में लगाया तो वह बाउंस हाे गए। आरोपी से जमीन की रजिस्ट्री करने या रुपये वापस लौटाने की बात कहने पर जान से मारने की धमकी दी गई। एसीपी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि पुलिस आयुक्त के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में अब जांच की जा रही है।
घटना वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा की है। वेव सिटी निवासी नवतेज सिंह ने बताया कि जानकार प्रताप विहार के सेक्टर 12 निवासी नरेंद्र यादव ने काजीपुरा क्षेत्र में लगभग 1500 गज भूमि को अपनी जमीन बताकर सौदा किया था। इसकी दर 30 हजार रुपये प्रति गज तय हुई थी। सौदे के नाम पर नरेंद्र ने नवतेज से 38 लाख रुपये अपने बैंक खाते यादव इंटरप्राइजेज में ट्रांसफर करवा लिए। 48 लाख रुपये नकद प्राप्त किए। इसके बाद विश्वास में लेकर 11-11 लाख रुपये के दो चेक बिना नाम और दिनांक के लिए। आरोप है कि नरेंद्र ने कोई जमीन का एग्रीमेंट नहीं करा और न ही जमीन की रजिस्ट्री की। बार-बार कहने और संपर्क करने पर भी लगातार टाल-मटोल करता रहा। आरोप है कि शुरुआत से ही धोखाधड़ी करने का आपराधिक इरादा था। आरोप है कि दोनों चेकों में कूटरचित तरीके से 11 लाख की धनराशि को बदलकर 1.11 करोड़ कर दिया। उन्हें बैंक में प्रस्तुत कर दिया, इससे नौ अप्रैल को दोनों चेक बाउंस हो गए। पीड़ित ने जब नरेंद्र से मुलाकात की तो उसने इस बात को लेकर आग बबूला हो गया। चेक से संबंधित बात की और जमीन के संबंध में पूछा, तो नरेंद्र ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज की। साथ ही उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। वेवसिटी पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।