अनूपशहर के परदादा-परदादी इंटर कॉलेज में महिला बास्केटबॉल लीग की विजेता टीम पुरस्कार प्राप्त कर
अनूपशहर। उत्तर प्रदेश की पहली महिला बास्केटबाल लीग का रविवार देर रात परदादा परदादी इंटर कॉलेज परिसर में समापन हुआ। चार दिन तक चले आयोजन के फाइनल मुकाबले में अलीगढ़ वीरांगना की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए परदादा परदादी बेटियां की टीम को 52-37 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया।
जीत के साथ ही अलीगढ़ वीरांगना ने एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि और विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन और परदादा परदादी एजुकेशनल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित लीग में प्रदेशभर से चयनित 60 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
ट्रायल के बाद खिलाड़ियों को पांच टीमों में बांटा गया था। इनमें ट्रिपल टैक शक्ति, परदादा परदादी बेटियां, अलीगढ़ वीरांगना, रानी लक्ष्मीबाई फाइटर्स और शुभम स्मैशर्स शामिल रहीं। चार दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। फाइनल मुकाबले में अलीगढ़ वीरांगना और परदादा-परदादी बेटियां के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। खेल के अंतिम चरण तक अलीगढ़ वीरांगना ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी और 52-37 के स्कोर से मुकाबला जीतकर पहली महिला बास्केटबाल लीग की विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी कुमार हर्ष विशिष्ट अतिथि रहे। बास्केटबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष डॉ. सीमा शर्मा, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, शीला फोम के निदेशक राहुल गौतम, परदादा-परदादी एजुकेशनल सोसायटी के अध्यक्ष लोकेंद्र पाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख अतुल कुमार सिंह, सीईओ सपना वर्मा, केके शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।