दोबारा 400 के करीब पहुंचने लगा एक्यूआई
बुलंदशहर। जिले में वायु प्रदूषण का स्तर दोबारा तेजी से बढ़ने लगा है। रविवार को जिले का एक्यूआई 381 मापा गया। जबकि तीन दिन पहले जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से कम हो गया था। रविवार को देश के सबसे प्रदूषित 140 शहरों में जनपद छठवें स्थान पर रहा। प्रदूषण बढ़ने से लोगों के गले में खराश, आंखों में जलन और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी हुई।
लगातार एक्यूआई 400 से के करीब रहने के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। वायु प्रदूषण बढ़ने से बचाव के लिए प्रदूषण विभाग समेत कई विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बावजूद जिम्मेदार अफसर अपनी जिम्मेदारी नहीं उठा पा रहे। रविवार को पालिका के वाहन खुले में कूड़ा ले जाते हुए नजर आए। कई सड़कों पर धूल उड़ती रही लेकिन के पानी छिड़काव के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है।
प्रदूषण के कारण सांस के मरीजों को अधिक परेशानी
जिला अस्पताल के वरिष्ठ परार्मशदाता डॉ. परवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रदूषण के कारण गले में समस्या होती है और बचाव नहीं करने पर यह परेशानी बढ़ जाती है। इसके अलावा सांस के मरीजों के लिए भी प्रदूषण ठीक नहीं है। ऐसे में लोगों को घर से बाहर निकलते हुए मास्क का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। जिनको सांस की समस्या है, उनको ज्यादा बाहर घूमने से बचना चाहिए और उनको भी मास्क का इस्तेमाल कराना चाहिए।
इस तरह बढ़ा एक्यूआई
दिन एक्यूआई
20 नवंबर 307
21 नवंबर 298
22 नवंबर 274
23 नवंबर 275
24 नवंबर 325
25 नवंबर 333
26 नवंबर 363
27 नवंबर 330
28 नवंबर 381
सभी कूड़ा वाहनों को ढककर कूड़ा ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई कूड़ा वाहन खुले में कूड़ा ले जा रहा है तो संबंधित को कूड़ा ढककर ले जाने की सख्त निर्देश दिए जाएंगे। - मनोज रस्तोगी, पालिका ईओ
प्रदूषण में सुधार लाने के लिए सभी विभागों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मौसम में बदलाव और हवा की गति रुकने के कारण भी वायु प्रदूषण में बढ़ोत्तरी हो रही है। - विवेक कुमार मिश्र, एडीएम राजस्व एवं वित्त