कृषि मंत्री सूर्यप्रताप सिंह साही
- फोटो : अमर उजाला
बुलंदशहर सदर तहसील के पास बने कृषि विज्ञान केंद्र के नए भवन का रविवार को लोकर्पण हुआ। इसका लोकार्पण प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप सिंह साही ने किया। इस दौरान यहां पर किसान मेला भी लगा। कृषि मंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों के लिए अनेक योजनाएं चला रही है और उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप सिंह साही ने कहा कि बुलंदशहर में 18 साल के बाद केवीके को अपना भवन मिला है। अब यहां के कृषि वैज्ञानिक प्रदेश के अन्य केवीके के साथ काम करने के लिए कदमताल करने के लिए तैयार हैं। वैज्ञानिक जिले के किसानों को नई-नई तकनीक और सरकारी योजनाओं से अवगत कराएं, ताकि वह अधिक से अधिक लाभान्वित हो सकें। उन्होंने वैज्ञानिकों से कहा कि दिल्ली, गाजियाबाद व नोएडा की मार्केट को देखकर आगे की रणनीति बनाकर किसानों को भी अवगत कराएं। उन्होंने किसान मेले में लगी कृषि यंत्रों व अन्य स्टॉलों का अवलोकन किया।
साथ ही किसानों से बात करते हुए बताया कि शासन की ओर से 30 हजार सोलर पंप दिए जाएंगे। इसके आवेदन करने के लिए तैयार रहें। किसानों ने कृषि मंत्री के समक्ष धान की पराली का निस्तरण करने के लिए कृषि यंत्र बेलर की मांग रखी। इस पर कृषि मंत्री ने केवीके के वैज्ञानिकों को बेलर उपलब्ध कराने के लिए कहा। अटारी लखनऊ के निदेशक डॉ. शांतनु कुमार दुबे कृषक उत्पादक संघों की सराहना की और सलाह दी कि अपने प्रोडक्ट पर क्यूआर कोड को भी स्थापित करें। इससे मोबाइल से स्कैन करने पर उसकी पूरी जानकारी मिलेगी। ऑनलाइन मार्केट के लिए तैयार रहेंगे। मंच संचालन डॉ. विकेराज ने किया।
इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष विकास चौहान, पूर्व विधायक मुंशीलाल गौतम, निदेशक प्रसार डा. पीके सिंह, कुलपति केके सिंह, केवीके की प्रभारी डा. रेशू सिंह, कृषि विद्यालय के प्रधानाचार्य तेजवीर सिंह तेवतिया, यूपी डास्प से डा. कमल सिंह, जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया औ जिला कृषि रक्षा अधिकारी प्रेमवीर सिंह समेत अन्य कृषि वैज्ञानिक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।