जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के दौरान उनके कार्यालय में मौजूद अधिवक्ता। संवाद
बुलंदशहर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के हॉल व चैंबर निर्माण का मुद्दा फिर से गरमा गया है। शुक्रवार को विपक्ष के अधिवक्ताओं ने डीएम से मुलाकात कर मामले में ज्ञापन सौंपा और नवनिर्मित हॉल में बने चैंबर्स को खाली कराकर हॉल को सील करने की मांग की है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष राजाशील कुमार की अध्यक्षता में बार लॉन में कई अधिवक्ता एकत्र हुए और यहां से जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर नवनिर्मित हॉल को सील कराने के लिए ज्ञापन दिया। इस ज्ञापन में कार्यवाहक अध्यक्ष राजाशील कुमार और अन्य अधिवक्ताओं द्वारा बताया गया कि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के हॉल के ऊपर हॉल में अध्यक्ष धर्मपाल शर्मा व पवन कुमार निम द्वारा कुछ अधिवक्ताओं को जबरन कब्जा कराने का प्रयास कराया है। इसको लेकर अन्य अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में अवैध कब्जाधारियों को हॉल से बाहर कर हॉल को सील किया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से डीएम से यह भी अपील की गई कि कुछ सदस्यों द्वारा अराजकता पैदा की जा रही है। अराजकता के माहौल को समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस अवसर पर दलेल सिंह, नरेंद्र नागर, रामसिंह, श्यौराज सिंह, सुमन कुमार राघव, उमेश कौशिक, अनुराग चौधरी, राजीव शर्मा, राजीव गुप्ता, प्रताप सिंह, नितिन वर्मा, सोहनपाल सिंह आदि मौजूद रहे।