जिला अस्पताल की ओपीडी में फिजिशियन कक्ष के बाहर लाइन में खड़े बुखार व खांसी के मरीज। संवाद
बुलंदशहर। सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है, वैसे ही खांसी-जुकाम का असर भी बढ़ रहा है। जिला अस्पताल समेत अन्य सरकारी चिकित्सालयों में प्रतिदिन 600 से अधिक मरीज खांसी से पीड़ित उपचार कराने पहुंच रहे हैं लेकिन जिला अस्पताल समेत अन्य सरकारी चिकित्सालयों में खांसी का सिरप नहीं है। ऐसे में मरीज निजी मेडिकल स्टोर से महंगे सिरप खरीद रहे हैं।
सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही सरकारी चिकित्सालयों की ओपीडी में इसका असर देखने को मिलने लगा है। प्रतिदिन खांसी की समस्या को लेकर 600 से अधिक मरीज सरकारी चिकित्सालयों में उपचार कराने पहुंच रहे हैं लेकिन जिला अस्पताल समेत अन्य सरकारी चिकित्सालयों में खांसी का सिरप नहीं है। सिरप की जगह मरीजों को एमॉक्सिसिलिन, मोनटेलुकास्ट, लिवोसिट्रिजिन व ब्रोमहेक्सिन हाइड्रोक्लोराइड आदि दवा देकर भेज दिया जाता है।
दवा का सेवन करने के बाद खांसी न जाने पर इससे आराम पाने को मरीज बाजार से महंगे दामों में सिरप खरीदने को मजबूर हैं। खांसी का सिरप 70 रुपये से 150 रुपये तक का मिल रहा है। जिला अस्पताल आए मरीज भरत सिंह और लवकुश ने बताया कि खांसी होने पर चिकित्सक को दिखाया। उन्होंने दवा लिखकर दे दी। सिरप के लिए कहा तो बोले कि सिरप खत्म हो गया है। दवा से ठीक हो जाएगी।
सीएमएसडी स्टोर पर रखा है सिरप
सीएमएसडी स्टोर प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि स्टॉक समाप्त हो गया था। आपूर्ति मंगवा ली है। अब स्टोर में सिरप उपलब्ध है और सभी सरकारी चिकित्सालयों के औषधि भंडार प्रभारी को सिरप ले जाने के लिए अवगत करा दिया है।
कफ सिरप न मिलने की कोई शिकायत नहीं मिली है। कफ सिरप जिस-जिस केंद्र पर नहीं है, वहां पर कफ सिरप उपलब्ध करवा दिया जाएगा। सीएमएसडी स्टोर में कफ सिरप उपलब्ध हैं। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ