बुलंदशहर। आशाओं के भुगतान की प्रगति रिपोर्ट कम पाए जाने पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि समय से आशाओं का भुगतान किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम सीपी सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान डीएम ने आशाओं के भुगतान में लापरवाही के लिए डीसीपीएम व बीसीपीएम के खिलाफ नाराजगी जताई और 31 अगस्त तक भुगतान करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समयावधि के बाद भी भुगतान लंबित रहता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य केंद्रों पर बनाए गए आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लैब कॉर्नर नहीं बनाए जाने पर कहा कि जहां भी लैब कॉर्नर बनाए जाने शेष हैं वहां तत्काल इसे पूरा किया जाए। महिसा नसबंदी की प्रक्रिया लक्ष्य के सापेक्ष केवल 42 फीसदी होने के चलते नाराजगी जताई और लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को उपचार दिए जाने के लिए उचित व्यवस्था की जाए। बैठक में सीडीओ कुलदीप मीना, सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह मौजूद रहे।