खुर्जा में जीटी मार्ग स्थित रोडवेज बस स्टैंड - संवाद
खुर्जा। परिवहन निगम ने मानक से अधिक डीजल खर्च करने वाले सात चालकों पर कार्रवाई की है। इन चालकों को रूट पर मिलने वाले डीजल और उनके वेतन में कटौती का आदेश जारी किया गया है। चालकों को नोटिस जारी किया गया है।
निगम की ओर से निर्धारित रूट पर किलोमीटर के हिसाब से डीजल के व्यय और अपव्यय के लिए मानक तैयार किए गए हैं। इसमें कार्यशाला की ओर से सभी बसों की रिपोर्ट तैयार होती है। इसमें डीजल की खपत कब और कितने किलोमीटर पर होती है। इसमें अपव्यय करने पर चालकों को जिम्मेदार माना जाता है, जिसमें चालक की ओर से गलत तरीके से बस का संचालन करना, बेवजह बस को स्टार्ट करके छोड़ना, लंबे रूट से बस को लेकर जाना और अन्य कारण शामिल हैं।
इसी तरह जून 2024 की रिपोर्ट एआरएम कार्यालय को दी गई, जिसमें खुर्जा- कौशांबी-अलीगढ़ रूट पर चालक ललित ने 12 लीटर डीजल अपव्यय किया, जिस पर चार लीटर डीजल और 350 रुपये धनराशि की कटौती की गई। वहीं चालक हनुमान से 20 लीटर डीजल और 1751 रुपये धनराशि, चालक सतीश से पांच लीटर डीजल और 438 रुपये, चालक मयंक से दस लीटर डीजल और 875 रुपये, चालक ताज मोहम्मद से तीन लीटर डीजल और 263 रुपये और चालक अरविंद से 20 लीटर डीजल और 1751 रुपये रुपये की कटौती की गई।
एआरएम उमेश सिंह आर्य ने बताया कि सातों चालकों को नोटिस जारी किया गया, साथ ही भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।