खुर्जा। पदम सिंह गेट चौराहा पर मंगलवार दोपहर को स्कूल से घर जा रही आठ वर्षीय छात्रा को मानसिक रूप से दिव्यांग युवक ने पकड़ लिया। छात्रा के शोर मचाने पर अन्य लोग वहां आ गए, जिन्होंने आरोपी की पिटाई कर दी। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस को आरोपी सौंप दिया गया।
पदक सिंह गेट स्थित दुकान के मालिक नरेंद्र ने बताया कि मंगलवार दोपहर को तीसरी कक्षा की छात्रा अपनी सहेलियाें संग स्कूल से घर जा रही थी। तभी पदम सिंह गेट चौराहा के किनारे एक अज्ञात युवक खड़ा था, जिसने छात्रा को पकड़ लिया। इससे छात्रा डर गई और शोर मचाने लगी। शोर सुनकर वहां पर राहगीरों व दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने आरोपी को दबोच लिया और छात्रा को दूर किया।
इसके बाद लोगों ने आरोपी युवक की पिटाई कर दी। वहीं सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। सीओ खुर्जा भास्कर मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इसमें पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया हुआ है। प्रथमदृष्टया आरोपी मंदबुद्धि प्रतीत हो रहा है। मामले में जांच की जा रही है। अभी छात्रा के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई।