ऊंचागांव। थाना नरसेना क्षेत्र के एक गांव में खेत गई किशोरी के साथ गांव निवासी किशोर ने दुष्कर्म किया। परिजनों की सूचना पुलिस ने किशोर को हिरासत में ले लिया। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
थाना नरसेना क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी के परिजन सोमवार सुबह पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री गांव के ही स्कूल में कक्षा 7 की छात्रा है। शनिवार को उसके पिता किसी कार्य से रिश्तेदार के यहां गए थे। शनिवार शाम छात्रा घर के पास ही खेत में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव निवासी किशोर वहां पहुंचा और छात्रा को ईंख के खेत में खींचकर ले गया। छात्रा के विरोध करने पर उसको जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी वहां से फरार हो गया। पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर किशोर को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़
नरौरा। थाना क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले गांव निवासी युवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि गांव के ही दूसरे मोहल्ले में रहने वाला दूसरे संप्रदाय का एक युवक उनके घर में घुस आया। उस समय घर पर उनकी लगभग 13 वर्षीय बहन अकेली थी। आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। किशोरी के शोर करने पर परिजनों व आसपास के अन्य लोगों को आते देख आरोपी भाग गया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। संवाद