बुलंदशहर। स्टेट पब्लिक हेल्थ ऑब्जर्वर टीम की सदस्य अनु रंधानी ने सोमवार को जिले के तीन चिकित्सालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने सरकारी चिकित्सालयों में मिल रही सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान जिला चिकित्सालय, संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद व पीएचसी मालागढ़ में डेंगू, मलेरिया, हीट वेव, एआरवी, एआरएस, एएसवी, हेपेटाइटिस आदि के रिकार्ड की जांच की।
अनु रंधानी ने जिला चिकित्सालय की ओपीडी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एआरवी सेंटर पर जांच की और चिकित्सा अधिकारी के यहां मरीजों के रिकॉर्ड देखे। रिकॉर्ड रजिस्टर में तारीख के अनुसार दर्ज मिले। वैक्सीन कक्ष में प्रतिदिन लगने वाली डोज के आकड़े भी जांचे गए। कोल्ड चैन में रखी वैक्सीन की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई।
जिला सर्विलांस अधिकारी रमित कुमार सिंह ने बताया कि सभी जगह कार्य संतोषजनक मिला है। कोल्ड चैन, रेबीज का उपचार, डेंगू, मलेरिया, हीट वेव, एएसवी और हेपेटाइटिस आदि के कार्य सही पाए गए। टीम अब जमीनी हकीकत का मूल्यांकन करेगी। इसके बाद सरकार को अपनी रिपोर्ट भेजेगी। निरीक्षण के समय मुख्य फार्मासिस्ट विपिन गुप्ता और अतुल सिसोदिया भी उपस्थित रहे।
कोट
स्टेट पब्लिक हेल्थ ऑब्जर्वर टीम की सदस्य ने जिले के तीन चिकित्सालयों को निरीक्षण किया। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओ