सिकंदराबाद। शादी से एक दिन पहले डीजे पर डांस के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से हुई दो युवकों के मामले में नया मोड़ आया है। युवकों की मौत तमंचा लोड करते समय गोली चलने से हुई थी। गोली एक युवक गले को चीरती हुई दूसरे के कनपटी पर जा लगी थी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ज्ञात हो कि शेखबाड़ा निवासी साबिर के दो बेटों की शादी है। एक बेटे जाकिर की बुधवार को गाजियाबाद और दूसरे बेटे राशिद की बृहस्पतिवार को मुजफ्फरनगर बारात जानी थी। शादी से पूर्व मंगलवार रात घर में दावत के दौरान डीजे पर लोग डांस कर रहे थे। रात करीब 9.30 बजे डीजे पर डांस के दौरान अचानक गोली एक साथ खड़े अनूपशहर निवासी अकरम पुत्र इस्लाम और रामपुरा सिकंदराबाद निवासी फरमान पुत्र अनवार को लगी। दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूृचना पर एसपी सिटी, सीओ, कोतवाल समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंच थे। देर रात पुलिस ने आरोपी शेखबाड़ा निवासी साजिद पुत्र इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह तमंचे में गोली लोड कर रहा था। तभी गोली चल गई।
अकरम बहन के घर रहकर करता था काम
गोली का शिकार हुआ अनूपशहर निवासी अकरम शेखबाड़ा निवासी बहन के घर रहकर काम करता था। मंगलवार रात पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार साबिर के घर शादी से पूर्व की दावत में वह शामिल होने गया था। वहीं, रामपुरा निवासी फरमान पुत्र अनवार भी साबिर के घर जाकर डीजे देख रहा था।
दोनों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल ः फरमान पिता के साथ फल की ठेली लगाने में सहयोग करता था। घटना से फरमान के मां-बाप और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं अकरम की मौत की खबर सुनते ही उसकी बहन गश खाकर गिर पड़ी। दोनों घरों पर लोगों की भारी भीड़ जमा थी।
परिजन बोले, साजिश के तहत हत्या ः अकरम और फरमान की मौत साजिश के तहत हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। फरमान के पिता अनवार का कहना है कि उसके बेटे की हत्या के इरादे से गोली चलाई गई। पुलिस जांच करने से पीछे हट रही है।
मातम में बदलीं शादी की खुशियां ः दो युवकों की मौत से शादी की खुशी मातम में बदल गई। बुधवार को साबिर के एक बेटे जाकिर की बरात गाजियाबाद रवाना तो हुई, लेकिन बारातियों के चेहरे पर गम साफ झलक रहा था। कुछ लोग ही बारात में शामिल हुए। साबिर के दूसरे बेटे की शादी के लिए बृहस्पतिवार को मुजफ्फर नगर के लिए बारात रवाना होगी।