खुर्जा। देहात थाना क्षेत्र के गांव खलसिया में शनिवार को अजगर दिखने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग टीम दस फीट लंबा और साठ किलो वजनी अजगर दो घंटे की मशक्कत के बाद बोरे में बंद कर ले गई। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
खलसिया गांव निवासी किसान सूबेदार केशव के घर में अचानक कहीं से अजगर आ गया। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने अजगर देखकर शोर मचाया तो आसपास घरों में रहने वाले ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते महिलाएं और ग्रामीण घरों से निकल कर भागने लगे। ग्रामीणों ने वन-विभाग को सूचना देकर बुलाया। वन विभाग की टीम ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर पर काबू कर उसे बोरी में बंद कर दिया।
वन क्षेत्राधिकारी विपिन बिहारी तिवारी ने बताया कि सर्द मौसम होते ही दलदल में रहने वाले प्राणी धूप सेकने के लिए बाहर आते हैं। उन्होंने बताया कि इसे पलराझाल के समीप नहर क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।