खुर्जा। 1952 में पॉटरी लघु उद्योग का दर्जा मिलने के बाद गुणवत्ता में कमी से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में खुर्जा के उत्पाद को पहचान नहीं मिल पाई। पर अब ऐसा नहीं होगा। उद्यमियों की आठ साल पहले प्राकृतिक गैस आपूर्ति की मांग अब पूरी हो गई है। इसे अदानी ग्रुप ने सोमवार को अमली जामा पहना कर पॉटरी नगरी खुर्जा को संजीवनी दे दी है।
अदानी ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि खुर्जा के पॉटरी उद्योग के लिए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। 15 पॉटरी उद्यमियों ने गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। पाइप लाइन फैक्ट्रियों तक पहुंच गई है, लेकिन पाइप लाइन से फैक्ट्री के अंदर बर्नर तक गैस आपूर्ति के लिए इक्यूपमेंट उद्यमियों को खुद लगाने होंगे। इसमें कंपनी उद्यमियों की मदद करेगी। उद्यमी इंटरनल पाइप लाइन लगाने की सूचना देंगे उसी दिन से नेचुरल गैस की आपूर्ति फैक्ट्री के अंदर होगी। उन्होंने बताया कि कंपनी पॉटरी नगरी की कालोनियों में घरेलू रसोई गैस आपूर्ति के लिए बिजनेस विस्तार के प्रयास में जुटी है। पंचवटी में रसोई गैस आपूर्ति का काम अंतिम चरण में है।
क्या बोले पॉटरी उद्यमी
पॉटरी उद्यमियों से ज्यादा स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने का फायदा होगा। अब खुर्जा का पॉटरी उद्योग अपनी रफ्तार से दौड़ेगा। उद्यमियों को यहां के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतारने में हिचकिचाहट नहीं होगी। प्राकृतिक गैस आपूर्ति की सूचना ने उद्यमियों का उत्साह बढ़ा दिया है। -गुलाम कदीर कुरैशी
केपीएमए चेयरमैन
केपीएमए पदाधिकारियों और पॉटरी उद्यमियों की लड़ाई के बाद खुर्जा के पॉटरी उद्योग को प्राकृतिक गैस आपूर्ति की संजीवनी मिली है। आने वाले समय में पॉटरी उद्योग को नई ऊचाइयां मिलेंगी। - रवि राणा, संरक्षक केपीएमए